Main Menu

बिहार MLC चुनाव: 8 में से 4 सीटों पर NDA का कब्जा, जन सुराज का खुला खाता, RJD को मिली 1 सीट

पटना: बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के चुनाव परिणाम में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने चार सीटों पर जीत दर्ज की है और इस लड़ाई में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और जनता दल यूनाइटेड (JDU) के गठबंधन को चार सीटें मिली हैं, जबकि राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और जन सुराज पार्टी ने एक-एक सीट पर जीत हासिल की है तथा दो सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने बाजी मारी है। 

स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में भाजपा ने दो और जदयू ने एक सीट जीती, जबकि तिरहुत स्नातक सीट निर्दलीय उम्मीदवार वंशीधर बृजवासी के खाते में गई। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में भाजपा, राजद, जन सुराज और निर्दलीय प्रत्याशियों ने एक-एक सीट पर जीत दर्ज की। कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के डॉ. एनके यादव ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज कर हैट्रिक लगाई। पटना स्नातक सीट पर जदयू के नीरज कुमार विजयी रहे, जबकि दरभंगा स्नातक सीट पर भाजपा के डॉ. सर्वेश कुमार ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 237 मतों से पराजित किया। तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में निर्दलीय प्रत्याशी वंशीधर बृजवासी ने जदयू के अभिषेक झा को हराया। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में तिरहुत सीट से भाजपा के नरेंद्र प्रसाद सिंह ने निर्दलीय प्रत्याशी भूषण कुमार झा को 594 मतों से पराजित किया। पटना शिक्षक सीट पर राजद के डॉ. संजीव कुमार सिंह ने भाजपा के नवल किशोर यादव को 1,057 मतों से हराया। 

दरभंगा शिक्षक सीट पर जन सुराज के डॉ. सुरेश प्रसाद राय ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और निवर्तमान विधान पार्षद डॉ. मदन मोहन झा को 324 मतों से पराजित किया। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में निर्दलीय प्रत्याशी राहुल राज ने जदयू के आनंद पुष्कर को हराकर जीत हासिल की। गौरतलब है कि बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। इनमें पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी की चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की सीटें तथा पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण की चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटें शामिल थीं। चुनाव में कुल 150 प्रत्याशियों ने किस्मत आजमाई थी। 






Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toggle Dark Mode