दिल्ली में तापमान गिरा, इस सीजन की सबसे ठंडी सुबह, पारा 12 डिग्री से भी नीचे रहा

नई दिल्ली : मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी सुबह रही। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान गिरकर 11.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जो इस सीजन और इस महीने का सबसे कम तापमान है। ह न्यूनतम तापमान सीजन के सामान्य स्तर से 0.7 डिग्री सेल्सियस कम था। 

अन्य मौसम केंद्रों की बात करें तो पालम में न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.6 डिग्री कम) दर्ज किया गया, जबकि लोधी रोड पर यह 12 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से एक डिग्री अधिक) रहा। रिज स्टेशन पर तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक) और अयानगर में 12.6 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.1 डिग्री कम) दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है और दिन के समय मध्यम कोहरा छाए रहने का अनुमान है। 

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार सुबह 8 बजे शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 238 था, जो ‘खराब’ (poor) श्रेणी में आता है। डेटा दर्ज करने वाले 58 निगरानी केंद्रों में से 32 ‘खराब’ श्रेणी में, 16 ‘मध्यम’ (moderate) श्रेणी में और 10 ‘बहुत खराब’ (very poor) श्रेणी में थे। सिरी फोर्ट में वायु गुणवत्ता सबसे खराब रही, जहां AQI 333 दर्ज किया गया। CPCB के वर्गीकरण के अनुसार, 0 से 50 के बीच AQI को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ (severe) माना जाता है। 

Toggle Dark Mode