Main Menu

पंजाब में सुबह-सुबह बड़ा हादसा! संगरूर से चंडीगढ़ जा रही PRTC बस पलटी, 3 की मौत

संगरूर: पंजाब में सुबह-सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। संगरूर से रवाना हुई पी.आर.टी.सी. की तेज रफ्तार बस भयानक हादसे का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 से 15 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, पी.आर.टी.सी. की यह बस सुबह करीब 4:30 बजे संगरूर से यात्रियों को लेकर रवाना हुई थी। रास्ते में ओवरब्रिज के पास अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद बस पुल से टकराकर सीधे नीचे जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि इसमें 3 यात्रियों की जान चली गई, जबकि 12 से 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से तुरंत बचाव अभियान शुरू करवाया। सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां 10 मरीजों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत पटियाला के राजिंदरा अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस संबंध में पटियाला प्रशासन को भी पहले ही सूचित कर दिया गया था।

वहीं, बाकी घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय मौके पर धुंध नहीं थी और बस तेज रफ्तार में थी। पुलिस अधिकारियों ने भी स्पष्ट किया कि दुर्घटना के समय मौसम साफ था। शुरुआती जांच और यात्रियों के बयानों के अनुसार, तेज रफ्तार के कारण चालक बस से नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते यह हादसा हुआ।






Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toggle Dark Mode